कुडनकुलम परमाणु संयंत्र निर्माता कंपनी का मुंबई में क्षेत्रीय केंद्र खुला

मुंबई, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। तमिलनाडु में कुडनकुलम परमाणु बिजली संयंत्र (केएनपीपी) की रूस की निर्माता कंपनी ने गुरुवार को मुंबई में अपना क्षेत्रीय केंद्र खोला।

इसका उद्देश्य देश में कंपनी की बाजार हिस्सेदारी को बढ़ाना है।

इस अवसर पर रूस की सरकारी परमाणु ऊर्जा कॉरपोरेशन कंपनी ‘रोसाटोम’ ने महाराष्ट्र में दो दिवसीय प्रदर्शनी आयोजित की। इसी स्थान पर भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र भी है।

‘रोसाटोम’ के क्षेत्रीय (दक्षिण एशिया) अध्यक्ष एलेकसे पीमेनोव ने कार्यक्रम के दौरान कहा, “देश की बाजार भागीदारी बढ़ाने के लिए मुंबई में क्षेत्रीय केंद्र खोलने का फैसला किया गया।”

पिमेनोव ने कहा, “इससे हमारे भारतीय साझेदारों के मिलकर काम करने में मदद मिलेगी और भारत में संचालित रूस के परमाणु उद्यमों के कामकाज में सुधार होगा।”

उन्होंने कहा, “ऐतिहासिक रूप से भारत हमारे मुख्य विदेशी साझेदारों में से एक है। रूस द्वारा डिजाइन की गई दो बिजली इकाइयां पहले से ही कुडनकुलम एनपीपी में संचालित है और दो और इकाइयां निर्माणाधीन हैं।”

इसके अलावा मुंबई कार्यालय में भी कंपनी की बांग्लादेश और श्रीलंका की परियोजनाओं का काम देखा जाएगा।

‘रोसाटोम’ के पहले से ही लैटिन अमेरिका, पश्चिमी, पूर्वी और मध्य यूरोप, मध्य एशिया, दक्षिणपूर्वी एशिया, मध्यपूर्व और उत्तर अमेरिका में समान केंद्र हैं।

पिमेनोव ने कहा कि केंद्रों का नेटवर्क कंपनी की लंबी अवधि की विकास रणनीति के अनुरूप है। इसका उद्देश्य अगले पांच वर्षो में विदेशी ऑर्डर पोर्टफोलियो को 190 अरब डॉलर तक बढ़ाना है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493