कुमार विश्वास के खिलाफ निर्वाचन आयोग में शिकायत (लीड-2)

नई दिल्ली, 31 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को निर्वाचन आयोग से आम आदमी पार्टी (आप) के नेता कुमार विश्वास के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। विश्वास ने कथित रूप में भाजपा की मुख्यमंत्री प्रत्याशी किरण बेदी पर ‘अपमानजनक’ टिप्पणी की है। किरण बेदी ने विश्वास के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

भाजपा नेता सतीश उपाध्याय, मीनाक्षी लेखी, शाजिया इल्मी, शाइना एन. सी. एवं अन्य निर्वाचन आयोग के दफ्तर पहुंचे और विश्वास के खिलाफ शिकायत पत्र सौंपा।

उपाध्याय ने कहा, “विश्वास के खिलाफ शिकायत करने और कड़ी कार्रवाई की मांग करने निर्वाचन आयोग गए थे..”

एक हालिया रैली में विश्वास ने कथित रूप से कहा, “भाजपा के पास अरविंद केजरीवाल को लेकर दो समस्याएं हैं। पहला यह कि वे मफलर बांधते हैं..क्या उन्होंने आपका चुराया है? उनमें से एक कहते हैं, वह (केजरीवाल) बहुत खांसते हैं..आपकी समस्या क्या है? क्या आपको उनके साथ उनके बेडरूम में सोना है?”

कुमार विश्वास ने हालांकि कहा कि उनकी टिप्पणी के निशाने पर बेदी नहीं थीं, लेकिन भाजपा ने दावा किया है कि उन्होंने उन्हें (बेदी) निशाना बनाया। विश्वास ने कहा कि उन्होंने जो टिप्पणी की वह भाजपा पर थी न कि बेदी पर और वहां आप प्रमुख केजरीवाल भी मौजूद थे।

उन्होंने कहा, “मुझे हैरत है कि चैनल यह वीडियो नहीं दिखा रहे हैं। वहां कई चैनलों के कैमरे लगे हुए थे। वहां चुनाव आयोग का भी कैमरा लगा हुआ था..जब उनके पास कोई मुद्दा नहीं है तो वे इस तरह की चीजों का प्रचार करने में जुटे हैं।”

उन्होंने भाजपा और बेदी को यह साबित करने की चुनौती दी कि ये टिप्पणियां बेदी के खिलाफ की गई थीं।

बेदी ने ट्वीट कर इस टिप्पणी पर नाराजगी जाहिर की है।

बेदी ने शनिवार को ट्वीट किया है, “एकदम अपमानजनक, भद्दी टिप्पणी, गैरकानूनी फोटोशॉप की हुई तस्वीरें गलत संदेश देती हैं। यह अनैतिक, खतरनाक, प्रतिकूल और असभ्य कृत्य है जिसे हमें अपने तंत्र से मिटाना है।”

एक दूसरे ट्वीट में उन्होंने कहा है, “किस तरह की सुरक्षा और सम्मान की अपेक्षा औरतें आप नेतृत्व से कर सकती हैं जिनके पास घोर भद्दी और विकृत मानसिकता है।”

उन्होंने ट्वीट में कहा है, “अपने नेतृत्व की मौजूदगी में एक रैली के दौरान की गई भद्दी टिप्पणी पर कुमार विश्वास के खिलाफ पुलिस में एक शिकायत दर्ज कराई है।”

आप से हाल ही में भाजपा में शामिल हुई इल्मी ने कहा कि अपमानजनक टिप्पणी के अलावा भाजपा ने अन्य मुद्दों को भी उठाया है। उन्होंने कहा, “आप निर्वाचन आयोग के नियमों का उल्लंघन कर रही है और हमने अन्य मुद्दों पर भी शिकायत दर्ज कराई है। हमने कठोर कार्रवाई की मांग की है।”

भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने भी आप को ‘स्त्री विरोधी’ बताया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493