कुश्ती : एशियाई चैम्पियनशिप में साक्षी, विनेश को रजत से करना पड़ा संतोष (लीड-2)

नई दिल्ली, 12 मई (आईएएनएस)। रियो ओलम्पिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारत की अग्रणी महिला पहलवान साक्षी मलिक को शुक्रवार को यहां जारी एशियाई कुश्ती चैम्पियनशिप के फाइनल में हार मिली। एक अन्य भारतीय पहलवान विनेश फोगाट अपने वर्ग के फाइनल में हार गईं।

रियो ओलम्पिक में स्वर्ण पदक जीतने वाली जापान की रिसाको कवाई ने 60 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में साक्षी को 10-0 से हराया। साक्षी पहली बार 60 किग्रा वर्ग में खेल रही थीं। रियो में उन्होंने 58 किलोग्राम वर्ग में कांस्य जीता था।

साक्षी ने मैच के बाद कहा, “यह मेरे लिए खराब दिन रहा लेकिन अब मैं आगे की प्रतियोगिताओं में बेहतर करने की उम्मीद के साथ प्रयास करूंगी।”

इस वर्ग का कांस्य कजाकिस्तान की अवाउलम कासावमोवा को मिला। कासावमोवा ने उजबेकिस्तान की नाबिरा इसेनबायेवा को 13-3 से हराया।

विनेश को 55 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में जापान की नांजो सेए ने 8-4 से हराया। रियो ओलम्पिक में चोट के कारण मुकाबले से बाहर होने वाली विनेश ने परिणाम को लेकर निराशा जाहिर की।

विनेश ने कहा, ” गम्भीर चोट के बाद मैट पर आना काफी मश्किल था। यह मेरे लिए हालांकि अच्छा अनुभव रहा। मैं रजत से खुश हूं क्योंकि मेरा मानना है कि चोट से उबरने के बाद पोडियम फिनिश करना काफी मुश्किल होता है।”

48 किलोग्राम वर्ग में रितु फोगाट को कांस्य मिला। रितु को वाकओवर मिला। चीन की यानान सुन ने चोट के कारण मैच से हटने का फैसला किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493