नई दिल्ली, 1 फरवरी (आईएएनएस)। गुरु हनुमान अखाड़े के ज्ञानेंदर ने अपने ही अखाड़े के कपिल धामा को रोमांचक मुकाबले में हराकर चौदहवे गुरु मुन्नी गोल्ड कप दंगल का खिताब अपने नाम किया।
विजेता को 31,000 रुपये का नगद पुरस्कार और साथ में गोल्ड कप दिल्ली कुश्ती संघ के चेयरमैन महावीर ने प्रदान किया। इससे पहले कपिल ने पिछले साल यह खिताब जीता था।
25 किलोग्राम भारवर्ग में योगेश्वर दत्त के नमन ने खलीफा दब्बू के मोहम्मद कैफी को 3-2 से हराकर और 30 किलोग्राम भारवर्ग में छत्रसाल के गौरव ने प्रेम नाथ के सनी को 4-1 से हराया।
35 किलोग्राम में राकेश अखाड़े के रविंदर ने योगेश्वर दत्त के हर्ष को 3-2 से हराकर जीत दर्ज की। 40 किलो में गुरु मुन्नी के कन्हैया ने मेहर सिंह के हिमांशु भरद्वाज को एकतरफा मुकाबले में 5-0 से पराजित किया।
45 किलोग्राम भारवर्ग में बाबा धर्मनाथ के सनी ने योगेश्वर दत्त के सौरभ को 3-2 से हराकर विजेता होने का गौरव प्राप्ता किया। 50 किलोग्राम भारवर्ग में गुरु मुन्नी के अनिकेत ने छत्रसाल के प्रवीण को 3-0 से पराजित कर जीत हासिल की।
55 किलोग्राम भारवर्ग में गुरु मुन्नी के करण ने वीरेंदर अखाड़े के अमित को दो मिनट में चित कर दिया।
dharmpath.com dharmpath