नई दिल्ली 1 फरवरी (आईएएनएस)। खेलो इंडिया स्कूल गेम्स के पहले संस्करण के तहत गुरुवार को खेले गए हॉकी मुकाबलो में हरियाणा और उत्तर प्रदेश की लड़कियों ने जीत के साथ शुरुआत की।
हरियाणा ने जहां झारखंड को 4-2 से हराया वहीं उत्तर प्रदेश ने छत्तीसगढ़ को 7-0 के भारी अंतर से पराजित किया।
पूल-ए में हरियाणा की जीत में शर्मिला (2 गोल) ने अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा निधी और अनू ने एक-एक गोल किया।
झारखंड की ओर से रुपानी कुमारी और शुभानी ने एक-एक गोल किया।
इसी पूल में उत्तर प्रदेश ने मुमतज खान के तीन गोलों की मदद से छत्तीसगढ़ पर बड़ी जीत दर्ज की। मुमताज के अलावा सिमरन सिंह ने दो गोल किए जबकि स्वर्णिका, विनामात्रा यादव ने एक-एक गोल किया।
पूल-बी में पंजाब ने चंडीगढ़ को 3-1 से हराया। पंजाब की ओर से हरप्रीत कौर ने दो गोल किए जबकि सिमरनजीत कौर ने एक गोल किया। चंडीगढ़ की ओर से अक्षिता यादव ने एक गोल किया।
dharmpath.com dharmpath