कुश्ती : विश्व चैम्पियनशिप में भारतीयों का निराशाजनक प्रदर्शन जारी

लास वेगास, 10 सितम्बर (आईएएनएस)। विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप की महिला एवं ग्रीको-रोमन वर्ग में भारतीय प्रतिभागियों का निराशाजनक प्रदर्शन जारी है।

बुधवार को यहां जारी चैम्पियनशिप के महिला वर्ग की 53 किलोग्राम भारवर्ग में क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय करने वाली बबीता ही कुछ हद तक संघर्ष कर सकीं।

अन्य सभी भारतीय पहलवानों को शुरुआती दौर में ही हार झेलनी पड़ी।

बबीता ने कोलंबिया की एइडे मैरीयोरी क्यूरो मुनोज को एकतरफा मुकाबले में 17-4 से, स्पेन की कारिमा सांचेज रामिस को 9-0 से और जर्मनी की निना हेमर को 13-6 से हराया।

विश्व चैम्पियनशिप-2012 में कांस्य पदक विजेता बबीता को हालांकि क्वार्टर फाइनल मुकाबले में चीन की श्यूचुन झोंग के हाथों 2-6 से हार झेलनी पड़ी।

महिला वर्ग में दो अन्य भारतीय पहलवान विनेश फोगाट और नवजोत कौर अपने-अपने भारवर्ग में पहले ही दौर में हारकर बाहर हो गईं।

विनेश (48 किलोग्राम) को उत्तर कोरिया की किम ह्योन ग्योंग ने 8-4 से हराया, जबकि नवजोत (69 किलोग्राम) यूक्रेन की एलीना स्टैडनिक माखीनिया के आगे जरा भी नहीं टिक सकीं और 0-8 से हार गईं।

पुरुष वर्ग की ग्रीको रोमन श्रेणी में मनोज कुमार (85 किलोग्राम) प्री-क्वार्टर फाइनल में फिनलैंड के रामी एंटेरो हीटानीमी के हाथों 0-10 से हार गए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493