कृषि, रोजगार प्रधानमंत्री के आर्थिक सलाहकार परिषद के एजेंडे में

नई दिल्ली, 20 दिसम्बर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री के आर्थिक सलाहकार परिषद (ईएसी-पीएम) ने बुधवार को अपनी तीसरी बैठक में रोजगार सृजन और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने पर विचार-विमर्श किया।

नीति आयोग सदस्य बिबेक देबराय की अध्यक्षता वाली परिषद ने नवंबर में हुई पिछली बैठक में सामाजिक क्षेत्र में कौशल विकास और नौकरी सृजन के लिए एक खाका तैयार किया था। इसी एजेंडे को आगे बढ़ाते हुए बुधवार को हुई इस बैठक में कृषि के विकास और ग्रामीण क्षेत्रों विकास पर ध्यान केंद्रित किया गया।

यहां जारी एक बयान में कहा गया है कि बैठक के दौरान, नीति आयोग के सदस्य रमेश चंद ने कृषि उत्पादकता, आय और कृषि और संबद्ध क्षेत्रों में रोजगार बढ़ाने पर जोर दिया।

ग्रामीण विकास सचिव अमरजीत सिन्हा ने ‘गरीबी मुक्त पंचायतों के लिए मिशन अंत्योदय’ पर एक प्रस्तुति दी।

परिषद के अंशकालिक सदस्यों, रथिन रॉय और सुरजीत भल्ला ने ‘इकोनॉमी ट्रैक मॉनिटर’ पर अपडेट प्रस्तुत किया, जो सामाजिक संकेतकों के साथ आर्थिक विकास संकेतकों को जोड़ने का प्रयास करता है।

परिषद ने पिछली बैठक में दोनों संकेतकों को जोड़ने की जरूरत पर बल दिया था और कहा था कि ऐसा करने के लिए एक नए ‘अर्थव्यवस्था ट्रैकिंग मॉनीटर’ को डिजायन किया जाएगा।

बैठक के दौरान ईएसी-पीएम में विशेष कार्याधिकारी किशोर देसाई ने व्यापार संबंधी मुद्दों पर एक प्रस्तुति भी दी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493