नई दिल्ली, 12 जून (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर कृषि क्षेत्र को ‘आईसीयू’ में भेजने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने सोमवार को मांग की कि सरकार ‘किसानों को 50 फीसदी अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि के साथ न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के अपने वादे को पूर करे।’
पार्टी ने किसानों पर गोलीबारी तथा भाजपा शासित राज्यों में किसानों के व्यापक विरोध-प्रदर्शन पर मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाया।
कांग्रेस ने कहा कि किसान भाजपा सरकार के निर्दयी तथा असंवेदनशील रवैये के शिकार हुए हैं।
पार्टी ने यह भी पूछा कि किसानों की कर्ज माफी का मुद्दा राज्य सरकारों पर क्यों छोड़ दिया गया है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता सी.पी.जोशी ने कहा, “कर्ज माफी की घोषणा केंद्र सरकार को क्यों नहीं करनी चाहिए?”
उन्होंने कहा कि यह वही सरकार है, जिसने किसानों से एमएसपी तथा उनकी उपज पर 50 फीसदी अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि की घोषणा की थी, अब वह इससे पीछे हट रही है।
जोशी ने कहा, “साल 2014 लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने किसानों को एमएसपी तथा उपज पर 50 फीसदी अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि देने का वादा किया था। अब इसी सरकार ने सर्वोच्च न्यायालय में हलफनामा दिया है कि वह ऐसा नहीं कर सकती।”
जोशी ने कहा कि नोटबंदी ने जितना कृषि क्षेत्र को नुकसाना पहुंचाया, उतना किसी अन्य क्षेत्र को नहीं। अच्छे मानसून और अच्छी फसल के बाद भी किसान परेशान हैं।
dharmpath.com dharmpath