केंद्र, उप्र सरकार ने किसानों से छल किया : अजय राय

लखनऊ, 5 मई (आईएएनएस)। भूमि अधिग्रहण विधेयक और फसल बर्बादी से किसानों की हत्या के मुद्दे पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने केंद्र और प्रदेश दोनों ही सरकारों के खिलाफ मोर्चा खोल लिया है। पिंडरा से विधायक अजय राय की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को पिंडरा तहसील पर प्र्दशन किया।

अजय राय ने कहा कि न तो मोदी सरकार और न ही अखिलेश सरकार को किसानों का दुख-दर्द पता है। दोनों ही सरकारों ने किसानों के साथ छल किया है। कांग्रेस दोनों को बेनकाब करने के साथ-साथ किसानों को बर्बाद फसलों का उचित मुआवजा दिलाने के लिए लड़ेगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों के हालत बदतर है। न तो फसलों का समर्थन मूल्य बढ़ा और न ही बर्बाद हुई फसलों का मुआवजा मिला।

भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी के गेहूं क्रय केंद्रों पर छापा मारने की कार्रवाई को ‘नाटक’ बताते हुए राय ने कहा कि इससे किसानों की पीड़ा कम होने वाली नहीं है।

सड़क, बिजली और पानी को लेकर भी राय ने प्रदेश और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। विरोध प्र्दशन के बाद कार्यकर्ताओं ने अपना संकल्प दोहराया कि वे 12 मई को सभी ब्लॉकों पर जुटेंगे और भूमि अधिग्रहण अध्यादेश की प्रतियां जलाएंगे।

प्रदर्शन में प्रवक्ता सतीश राय, वरिष्ठ नेता सतीश चौबे जिला युवक कांग्रेस के समन्वयक राघवेंद्र चौबे, दुर्गा प्रसाद गुप्ता व पार्षद शैलेंद्र सिंह भी मौजूद थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493