केंद्र कश्मीर पर संविधान के दायरे में वार्ता को तैयार : राजनाथ

जम्मू, 27 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने यहां बुधवार को कहा कि केंद्र सरकार कश्मीर से जुड़े विभिन्न विवादास्पद मुद्दों के लिए किसी से भी बातचीत के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि बातचीत हालांकि संविधान के दायरे में होनी चाहिए।

केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा, “हम हर किसी से बातचीत के लिए तैयार हैं। जम्मू एवं कश्मीर में पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की गठबंधन की सरकार है और इससे बातचीत करने के लिए प्रत्यके व्यक्ति का स्वागत है।”

राज्य की शीतकालीन राजधानी में पत्रकारों से वार्ता में राजनाथ सिंह ने कहा, “अगर जरूरत पड़ती है तो हम बाचतीच में शामिल होंगे, लेकिन यह देश के संविधान के दायरे में होनी चाहिए।”

राजनाथ सिंह ने जोर देते हुए कहा कि भारत अपने पड़ोसियों के साथ अच्छे संबंध चाहता है, लेकिन उन देशों को भी इस भावना का सम्मान करना चाहिए।

उन्होंने कहा, “भारत अपने पड़ोसियों के साथ अच्छे संबंधों की बात में भरोसा रखता है, लेकिन उन्हें भी अच्छे पड़ोसियों की तरह व्यवहार करना चाहिए।”

गृहमंत्री ने स्पष्ट करते हुए कहा कि किसी और देश का झंडा फहराने जैसी राष्ट्र विरोधी गतिविधियों को सरकार बर्दास्त नहीं करेगी।

राजनाथ सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार जम्मू क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा के पास रह रहे लोगों के पुनर्वास के लिए काम कर रही है।

उन्होंने हालांकि कहा कि वह इस मुद्दे पर इससे अधिक कोई चर्चा नहीं करेंगे क्योंकि यह मामला केंद्रीय मंत्रिमंडल के समक्ष अंतिम फैसले के लिए विचाराधीन है।

जम्मू में उनकी यात्रा के विरोध के मद्देनजर बुधवार को बंद का आह्वान किया गया था, जिस पर उन्होंने कहा, “समस्याओं पर चर्चा की जा सकती है और उनका हल भी निकाला जा सकता है।”

उन्होंने कहा, “यहां के लोगों की समस्याएं सुलझाई जा सकती हैं और उनका समाधान निकाला जा सकता है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493