गुवाहाटी, 30 जून (आईएएनएस)। केंद्र सरकार पूर्वोत्तर के अधिक से अधिक लोगों को ईपीएफ और ईएसआईसी जैसी सामाजिक सुरक्षा योजना का लाभ देना चाहती है। यह बात केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री बंडारू दत्तात्रेय ने मंगलवार को कही।
दत्तात्रेय ने पूर्वोत्तर राज्यों के सभी श्रम मंत्रियों के साथ गुवाहाटी में क्षेत्रीय सम्मेलन करने के बाद यह बात मीडिया से कही।
उन्होंने कहा कि कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) और कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) का विस्तार क्षेत्र के अन्य इलाके में किया जाएगा, राज्य में कुछ रोजगार एक्सचेंजों को मॉडल रोजगार सलाह-मशवरा केंद्र के रूप में तब्दील किया जाएगा।
दत्तात्रेय ने कहा, “हम क्षेत्र में पांच ईपीएफ कार्यालय खोलना चाहते हैं, ये गैंगटोक, इंफाल, ईंटानगर, दीमापुर और आइजोल में खोले जाएंगे, ताकि इन योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोग उठा सकें।”
उन्होंने कहा, “हमने राज्य सरकार से अपील कि है कि हमें राज्य में कार्यालय स्थापित करने के लिए 10,000 वर्गमीटर का स्थान दिया जाए।”
मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार गुवाहाटी के 50 बिस्तरों वाले ईएसआईसी अस्पताल को 100 बिस्तरों वाला बनाना चाहती है।
उन्होंने कहा, “ईएसआईसी सुविधा का विस्तार नागालैंड, मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश में किया जाएगा। हम राज्य सरकार से संगठित और गैर संगठित कामगारों का सर्वेक्षण करने कहेंगे और साथ यह सुनिश्चित करने कहेंगे कि राज्य में अधिक से अधिक लोग बीमा के दायरे में लाए जाएं।”
असम में रोजगार एक्सचेंज को मॉडल रोजगार सलाह मशवरा केंद्र के रूप में तब्दील किया जाएगा, इस तरह के केंद्र मेघालय की राजधानी शिलांग में भी स्थापित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार त्रिपुरा में एक व्यवसायिक प्रशिक्षण केंद्र भी स्थापित करेगी।
dharmpath.com dharmpath