गुवाहाटी, 29 जुलाई (आईएएनएस)। राज्य में व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार ने शनिवार को पूर्वोत्तर राज्यों में अंतर्राष्ट्रीय रोमिंग पर लगी रोक हटा ली है और लाइसेंसधारी सेवा प्रदाताओं से विदेशी ग्राहकों को यह सुविधा मुहैया कराने का निर्देश दिया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा यहां जारी बयान में बताया गया कि संचार राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने यह सूचना असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल को एक पत्र में दी।
सोनोवाल ने पहले मार्च में सिन्हा से असम और पूर्वोत्तर में अंतर्राष्ट्रीय रोमिंग पर लगी रोक हटाने की मांग की थी। मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया था कि क्षेत्र में आनेवाले अंतर्राष्ट्रीय पर्यटकों और व्यापारियों को अंतर्राष्ट्रीय रोमिंग पर रोक से काफी असुविधा होती है।
इसके कारण विदेशी पर्यटक राज्य का दौरा करने से हतोत्साहित होते हैं और विदेशी निवेश पर भी असर पड़ता है।
केंद्र सरकार के रोक हटाने के कदम का स्वागत करते हुए सोनोवाल ने उम्मीद जताई कि इससे राज्य सरकार की विकास की पहल को प्रोत्साहन मिलेगा।
dharmpath.com dharmpath