केंद्र ने यौन उत्पीड़न पर सेंट स्टीफेंस से मांगी रपट (लीड-2)

नई दिल्ली, 24 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित कॉलेज सेंट स्टीफेंस के प्रधानाचार्य से कॉलेज के एक प्रोफेसर के खिलाफ लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों पर रपट मांगी है। यह आरोप एक शोध छात्रा ने लगाया है।

कॉलेज के प्रधानाचार्य वाल्सन थिम्पू ने आईएएनएस से कहा, “इस संबंध में मंगलवार शाम नोटिस मिला। मैं मंत्रालय को रपट भेजूंगा।”

सूत्रों के अनुसार, छात्रा ने यह आरोप जिस प्रोफेसर के खिलाफ लगाए हैं, वह कॉलेज में बर्सर (वित्तीय प्रशासक) रह चुके हैं। बर्सर के रूप में प्रोफेसर सतीश कुमार को प्रधानाचार्य की अनुपस्थिति में उनसे संबंधित निर्णय लेने के अधिकार थे। कॉलेज प्रशासन के इतिहास में वह सबसे युवा बर्सर थे।

बर्सर होने के कारण प्रोफेसर सतीश को कॉलेज की गवर्निग काउंसिल के सदस्य के रूप में स्वत: पदोन्नति मिल गई।

सूत्रों का कहना है कि गवर्निग काउंसिल की बैठक में जब कई बार कॉलेज से संबंधित कई महत्वपूर्ण निर्णयों पर प्रधानाचार्य की आलोचना होती थी तो प्रोफेसर सतीश ने कई बार उनका बचाव किया था।

पुलिस को दी सात पृष्ठों की शिकायत में शोध छात्रा ने आरोप लगाया है कि प्रोफेसर सतीश ने उसे प्रताड़ित किया। अक्टूबर 2013 में प्रोफेसर ने उसका यौन उत्पीड़न किया, लेकिन अपने करियर के डर से उसने इसका खुलासा नहीं किया।

छात्रा का यह भी आरोप है कि उसने पिछले साल दिसंबर में कॉलेज के प्रधानाचार्य से इस बारे में शिकायत की तो उसकी मदद करने के बजाय उन्होंने उस पर प्रोफेसर सतीश के खिलाफ शिकायत वापस लेने के लिए कहा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493