पटना, 18 जून (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को ललित मोदी के प्रकरण के बहाने केंद्र सरकार पर एक बार फिर निशाना साधा और कहा कि लोकसभा चुनाव में तरह-तरह के वादे कर और उस समय की परिस्थतियों का फायदा उठाकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सत्ता में तो आ गई, लेकिन अब वह सरकार चला नहीं पा रही है।
पटना में पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा, “केंद्र सरकार कानून तोड़ने वालों की सहायता कर रही है और मानवीय आधार पर मदद करने की बात कहकर पल्ला झाड़ रही है।”
उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता जिस तरह की भाषा, वाणी और शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं, यह उनकी खीज को दर्शाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “केंद्र सरकार के एक वर्ष पूरा होने पर बार-बार कहा जा रहा था कि कोई घोटाला नहीं हुआ है, लेकिन अब सब कुछ सामने आ गया। हर दिन नए अध्याय खुलते जा रहे हैं।”
भाजपा सांसद लालकृष्ण आडवाणी के एक साक्षात्कार में आपातकाल को लेकर दिए गए बयान के संदर्भ में नीतीश ने कहा, “आडवाणी जी भाजपा के बड़े नेता हैं। उनकी देश के लिए इतनी बड़ी चिंता जायज है।”
dharmpath.com dharmpath