केजरीवाल, कीर्ति आजाद पर मानहानि का मुकदमा करेंगे जेटली

नई दिल्ली, 20 दिसम्बर (आईएएनएस)। केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद कीर्ति आजाद के खिलाफ सोमवार को मानहानि का मुकदमा दायर करेंगे। भाजपा सूत्रों ने यह जानकारी दी।

भाजपा के एक सूत्र ने बताया, “दिल्ली के मुख्यमंत्री को कानूनी नोटिस नहीं भेजा जाएगा। केजरीवाल के अलावा कीर्ति आजाद के खिलाफ भी मानहानि का मुकदमा दायर किया जाएगा। इसके अलावा आम आदमी पार्टी (आप) के कुछ अन्य नेताओं के खिलाफ भी मुकदमा दायर किया जाएगा।”

सूत्र ने बताया, “मानहानि का मुकदमा जहां उच्च न्यायालय में दायर किया जाएगा वहीं आपराधिक मानहानि का मुकदमा पटियाला हाउस अदालत में दायर किया जाएगा।”

गौरतलब है कि जेटली पर आम आदमी पार्टी ने दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) में हुए कथित वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाया है। जेटली 13 वर्ष तक डीडीसीए के अध्यक्ष रहे।

केजरीवाल ने डीडीसीए घोटाले की निष्पक्ष जांच के लिए जेटली को वित्त मंत्री के पद से हटाए जाने की मांग भी की है।

पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी कीर्ति आजाद ने भी रविवार को एक संवाददाता सम्मेलन कर डीडीसीए में व्यापक भ्रष्टाचार के आरोप लगाए, वहीं दिल्ली सरकार ने कहा है कि उसने डीडीसीए प्रकरण की जांच के आदेश दे दिए हैं।

दिग्गज स्पिन गेंदबाज बिशन सिंह बेदी के साथ संवाददाता सम्मेलन में डीडीसीए पर वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए आजाद ने इनकी प्रवर्तन निदेशालय से जांच करवाए जाने की मांग की है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493