नई दिल्ली, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। भूमि अधिग्रहण विधेयक के विरोध में जंतर मंतर पर बुधवार को आयोजित आम आदमी पार्टी (आप) की एक जनसभा के दौरान एक किसान ने एक पेड़ से फांसी लगाकर खुदकुशी करने की कोशिश की, जिसके बाद गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
व्यक्ति को फांसी लगाते आप के स्वयंसेवकों ने देख लिया, जिसके बाद पेड़ पर चढ़कर उन्होंने उसे नीचे उतारा। स्वयंसेवकों के मुताबिक, व्यक्ति बेहोश हो चुका था और मुश्किल से सांस ले पा रहा था।
जंतर मंतर पर हुई इस घटना के वक्त दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी वहां मौजूद थे।
व्यक्ति की पहचान गजेंद्र सिंह के रूप में हुई है, जो राजस्थान के दौसा का निवासी है। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। इस दौरान आप समर्थकों ने दिल्ली पुलिस के खिलाफ नारे लगाए।
पेड़ से फांसी लगाने से पहले गजेंद्र ने एक सूसाइड नोट गिराया, जिसमें लिखा है कि जीवन में उसके लिए अब कुछ नहीं बचा है, क्योंकि उसकी सारी फसल बेमौसम बारिश की भेंट चढ़ चुकी है।
पत्र के अंत में उसने जय जवान, जय किसान, जय राजस्थान लिखा है।
बाद में केजरीवाल ने जनसभा के दौरान कहा कि वह व्यक्ति को देखने अस्पताल जाएंगे।
dharmpath.com dharmpath