केजरीवाल के आवास के बाहर 70 भाजपा पार्षद हिरासत में लिए गए (लीड-1)

नई दिल्ली, 13 जनवरी (आईएएनएस)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन कर रहे 70 भाजपा पार्षदों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

इससे पहले भाजपा के एक नेता ने आईएएनएस को बताया कि पुलिस ने 120 पार्षदों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस उपायुक्त मधुर वर्मा ने कहा, “हमने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया था, लेकिन आधा घंटा बाद उन्हें छोड़ दिया। किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।”

प्रदर्शनकारी, हड़ताली सफाई कर्मचारियों के वेतन के लिए धनराशि जारी करने की मांग कर रहे थे।

भाजपा के वरिष्ठ पार्षद सुभाष आर्य के नेतृत्व में आंदोलनकारी केजरीवाल से चौथे दिल्ली वेतन आयोग (एफडीएफसी) के अनुसार नगर निगम का धन जारी करने की मांग कर रहे थे।

पुलिस ने जबरन आंदोलनकारियों को वहां से हटाया और सिविल लाइंस और मौरिस नगर पुलिस थाने ले गए।

भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने केजरीवाल पर राष्ट्रीय राजधानी को लेकर उनकी जिम्मेदारी से बचने का आरोप लगाया है।

तिवारी ने कहा, “यह आश्चर्य की बात है कि एक तरफ दिल्ली स्वच्छता और सार्वजनिक स्वास्थ्य संकट से जूझ रही है और दूसरी ओर मुख्यमंत्री पंजाब में अभियान में व्यस्त हैं।”

उन्होंने एक बयान में कहा, “भाजपा पार्षदों द्वारा मुख्यमंत्री से मुलाकात करने की कोशिश के बावजूद वह दिल्ली के नागरिकों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने से बच रहे हैं।”

पिछले कुछ महीनों में वेतन न मिलने के कारण पूर्वी दिल्ली नगर निगम (ईएमसीडी) के सफाई कर्मी एक सप्ताह से हड़ताल पर हैं, और यह विरोध प्रदर्शन इसी मद्देनजर किया गया है।

भाजपा नियंत्रित नगर निगम ने वेतन न दे पाने के पीछे बजट को कारण बताया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493