केजरीवाल के कार्यालय पर छापा मारे जाने पर राज्यसभा में हंगामा (लीड-1)

नई दिल्ली, 15 दिसम्बर (आईएएनएस)। राज्यसभा में दिल्ली के मुख्यमंत्री के कार्यालय में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा छापा मारे जाने और अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल द्वारा विधानसभा का सत्र बुलाए जाने के विरोध में मंगलवार को राज्यसभा की कार्यवाही हंगामे की भेंट चढ़ गई।

सदन की कार्यवाही दोपहर के भोजन से पहले तीन बार स्थगित करनी पड़ी।

राज्यसभा की कार्यवाही दो बार स्थगित होने के बाद तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद डेरेक ओब्रायन ने सदन में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के कार्यालय में सीबीआई द्वारा छापा मारे जाने का मुद्दा उठाया।

टीएमसी सांसदों ने नरेंद्र मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और सभापति के आसन के पास इकट्ठा हो गए।

कांग्रेस के सांसदों ने अरुणाचल प्रदेश विधानसभा का सत्र राज्यपाल द्वारा बुलाए जाने का विरोध किया।

राज्यसभा के सभापति हामिद अंसारी द्वारा शून्य काल को बाधित नहीं करने के आग्रह का भी सांसदों पर असर नहीं हुआ।

राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होते ही सदन के उपसभापति पी.जे.कुरियन ने सदन की कार्यवाही 15 मिनट के लिए स्थगित कर दी और उसके बाद कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

सदन में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद ने अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल द्वारा विधानसभा सत्र बुलाए जाने के मुद्दे को सदन में उठाया।

आजाद ने कहा, “अरुणाचल प्रदेश में लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। राज्यपाल तानाशाह की तरह बर्ताव कर रहे हैं।”

सदन के नेता अरुण जेटली ने कहा कि विधानसभा की कार्यवाही की सदन में चर्चा नहीं की जा सकती। इससे एक गलत मिसाल पेश होगी।

इस दौरान कांग्रेस सांसद सदन के बीचों-बीच एकत्रित हो गए और नारेबाजी की।

हंगामा बढ़ता देख उपसभापति पी.जे.कुरियन ने सदन की कार्यवाही पहले 15 मिनट के लिए, उसके बाद दोपहर 12 बजे तक और फिर दोपहर 12.30 तक के लिए स्थगित कर दी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493