केजरीवाल के खिलाफ मानहानि का मामला निजी नहीं : सिसोदिया

नई दिल्ली, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने मंगलवार को मानहानि के आरोप में वकील राम जेठमलानी को सरकारी खजाने से भुगतान करने के फैसले का बचाव करते हुए कहा कि यह सार्वजनिक मामला है। मानहानि का मुकदमा वित्तमंत्री अरुण जेटली द्वारा मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ दायर किया गया है।

सिसोदिया ने संवाददाताओं से कहा, “अरुण जेटली की अध्यक्षता में दिल्ली और जिला क्रिकेट एसोसिएशन (डीडीसीए) पर भ्रष्टाचार के आरोप थे। हमारी सरकार ने मामले की जांच के लिए और क्रिकेट को भ्रष्टाचार से मुक्त करने के लिए एक समिति गठित की।”

उन्होंने कहा, “केजरीवाल के खिलाफ मानहानि का मामला उन लोगों ने दायर किया, जिन्हें जांच में पकड़े जाने का डर है। यह सार्वजनिक मामला है और केजरीवाल की निजी संपत्ति से नहीं जुड़ा है।”

सिसोदिया ने कहा, “यह उचित है कि सरकार मामले का खर्च उठाए।”

सिसोदिया ने मामले को उठाए जाने के समय पर भी सवाल उठाया।

उन्होंने कहा, “इस मामले को अब डेढ़ साल होने जा रहे हैं, तो इस मुद्दे को अब क्यों उठाया जा रहा है।”

उन्होंने कहा कि खराब ईवीएम मशीनों से ध्यान हटाने के लिए भाजपा इस मामले को उठाने की यह रणनीति अपना रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493