नई दिल्ली, 7 सितम्बर (आईएएनएस)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल गुरुवार को पंजाब के चार दिवसीय दौरे पर जाएंगे। पंजाब में विधानसभा चुनाव होने हैं और केजरीवाल वहां आम आदमी पार्टी (आप) के किसान घोषणा-पत्र को जारी करेंगे।
केजरीवाल अपने दौरे के अंतिम दिन, नई दिल्ली लौटने से पहले, मोगा में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
आप के एक नेता ने कहा, “अरविंद गुरुवार सुबह पंजाब के लिए रवाना होंगे। वह मोगा में 11 सितंबर को किसान रैली करेंगे और उसी दिन दिल्ली लौट आएंगे।”
आप के पंजाब संयोजक सुच्चा सिंह छोटेपुर को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर पार्टी से निकाले जाने के बाद केजरीवाल का पंजाब का यह पहला दौरा होगा।
केजरीवाल लुधियाना में आप कार्यकर्ताओं और सदस्यों से मुलाकात करेंगे, जिनके बारे में कहा गया है कि वे विभिन्न मुद्दों को लेकर क्षुब्ध हैं।
एक सूत्र ने कहा कि केजरीवाल उनकी समस्याएं सुनेंगे और उनका समाधान करेंगे। उनके इस दौरे से निश्चित रूप से कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा।
छोटेपुर ने मंगलवार को पार्टी के दिल्ली नेतृत्व पर पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अयोग्य उम्मीदवारों को करोड़ों रुपये में टिकट बेचने का आरोप लगाया था।
आप ने इन आरोपों से इनकार किया है। पंजाब में अगले साल के प्रारंभ में होने वाले चुनाव में आप एक प्रमुख पार्टी के रूप में उभरी है।
dharmpath.com dharmpath