केजरीवाल जोर से, खुलेआम झूठ बोलते हैं : शाह

नई दिल्ली, 23 सितम्बर (आईएएनएस)। भाजपा ने रविवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर ‘खुलेआम तेज आवाज में झूठ बोलने’ का आरोप लगाया और कहा कि वह राष्ट्रीय राजधानी में विकास कार्य को आगे नहीं बढ़ा रहे हैं।

भाजपा ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और केजरीवाल से देश में अवैध प्रवासियों के मुद्दे पर उनका पक्ष स्पष्ट करने का कहा।

यहां रामलीला मैदान में आयोजित पूर्वाचल महाकुंभ रैली में उन्होंने कहा, “नरेंद्र मोदी सरकार ने दिल्ली सरकार को 50,000 करोड़ रुपये से अधिक दिए। लेकिन आप(केजरीवाल) वादों की ओर देखिए, जो आपने लोगों से किए थे और उन्हें बताइए कि आपने कितने वादों को पूरा किया है।”

भाजपा प्रमुख ने कहा, “केजरीवाल का मंत्र केवल जोर से, खुलेआम झूठ बोलना है।”

शाह ने कहा कि ऐसा लगता है कि दिल्ली सरकार के पास विकास का दृष्टिकोण नहीं है।

अवैध प्रवासियों का मुद्दा उठाते हुए, भाजपा अध्यक्ष ने कहा, “करोड़ों अवैध प्रवासी हैं, जो देश में घुसे हुए हैं। वे लोग देश को अंदर से खोखला बना रहे हैं। उन्हें वापस भेजा जाना चाहिए या नहीं?”

शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, “जब एनआरसी मामले की संसद में चर्चा हो रही थी, तब राहुल गांधी और सहयोगियों ने सदन में हंगामा शुरू कर दिया था। उन्होंने मानवाधिकार और अन्य मामले को उठाया था। सपा, बसपा और आप ने भी इसका विरोध किया था।”

उन्होंने कहा, “राहुल गांधी ही क्यों, आप को भी अवैध अप्रवासियों पर समस्या है? क्योंकि वे वोट बैंक की राजनीति करते हैं। लेकिन हम नहीं करते हैं, भाजपा के लिए देश सबसे पहले है।”

भाजपा अध्यक्ष ने विपक्षी नेताओं पर महाराष्ट्र में अर्बन नक्सलियों की गिरफ्तारी का विरोध जताने पर निशाना साधा।

उन्होंने कहा, “जब महाराष्ट्र सरकार ने उन अर्बन नक्सलियों को गिरफ्तार किया तो विपक्षी नेताओं ने आपत्ति जताई। उनलोगों को गिरफ्तार किया गया, क्योंकि वे देश-विरोधी गतिविधियों में संलिप्त थे।”

शाह ने कहा, “देश-विरोधियों के लिए बेहतर जगह जेल है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493