केजरीवाल ने आरटीओ में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी

नई दिल्ली, 17 जुलाई (आईएएनएस)। दिल्ली के सबसे बड़े क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय में से एक के औचक निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने मंगलवार को उन अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी, जो दलालों की मदद से भ्रष्टाचार में लिप्त हैं।

केजरीवाल और दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत जैसे ही बुराड़ी के आरटीओ कार्यालय पहुंचे, ऑटोरिक्शा और वाणिज्यिक वाहनों के सैंकड़ों उत्तेजित चालकों ने उन्हें घेर कर शिकायत की कि यहां दलालों के बिना कुछ भी नहीं होता है।

केजरीवाल ने बाद में मीडिया से कहा, “सभी ऑटो चालकों और वाणिज्यिक वाहन चालकों ने शिकायत की है कि उनका काम तभी होता है, जब वे दलालों के माध्यम से काम करवाते हैं। तब उनका काम जल्दी से हो जाता है। अन्यथा, काम महीनों लंबित रहता है। हम सभी भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे।”

उन्होंने घोषणा की कि एक अगस्त से, बुराड़ी आरटीओ में होने वाले सभी कार्य विकेन्द्रीकृत किए जाएंगे और दिल्ली सरकार पूरी दिल्ली में 5,000 वाहन फिटनेस सेंटर खोलने की कोशिश करेगी।

उन्होंने कहा, “इससे पहले, लोगों को फिटनेस सर्टिफिकेट पाने के लिए लंबी कतार में खड़ा होना पड़ता था। यह भी भ्रष्टाचार का कारण बन गया। अब, हम इसे विकेंद्रीकृत करेंगे और दिल्ली में 5,000 केंद्र खोलेंगे।”

केजरीवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पिछले 10 दिनों में आई सभी शिकायतों और उन पर की गई कार्रवाई की सूची बनाई जाए और बुधवार 11 बजे तक उन्हें रिपोर्ट सौंपी जाए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493