पटना, 2 जनवरी (आईएएनएस)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सोमवार को बिहार की राजधानी पहुंचे। उन्होंने सिख धर्मावलंबियों के दसवें गुरु, गुरु गोविंद सिंह के 350वें प्रकाशोत्सव में भाग लिया और तख्त श्री हरमंदिर साहिब में जाकर मत्था टेका।
पटना पहुंचने के बाद केजरीवाल सीधे गुरुगोविंद सिंह की जन्मस्थली पहुंचे। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से सिरोपा भेंटकर केजरीवाल का स्वागत किया गया।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक ने पत्रकारों से कहा, “मैं यहां गुरु गोविंद सिंह का आशीर्वाद लेने आया हूं। देश में शांति का वातावरण बना रहे, यही मेरी कामना है।”
हरमंदिर साहिब के बाद केजरीवाल बाल लीला गुरुद्वारा पहुंचे। यहां उन्होंने दरबार में मत्था टेकने के बाद लंगर में सेवा दी और खुद लंगर का भोजन ग्रहण किया।
गुरु गोविंद के 350वें प्रकाशोत्सव को लेकर पूरे पटना को सजाया और संवारा गया है। एक से पांच जनवरी तक कई कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया है।
उत्सव का मुख्य आयोजन पांच जनवरी को ऐतिहासिक गांधी मैदान में होना है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी भाग लेंगे। इस दिन गांधी मैदान में मुख्य दीवान सजेगा। तीन जनवरी मार्शल आर्ट, गतका पार्टी अपना जौहर दिखाएंगे, जबकि चार जनवरी को गांधी मैदान से भव्य नगर कीर्तन निकलेगा।
गौरतलब है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी रविवार को गांधी मैदान में बनाए गए अस्थायी गुरुद्वारा पहुंचे थे, जहां उन्होंने लंगर में सेवादार की भूमिका निभाई थी।
dharmpath.com dharmpath