केजरीवाल फॉर्च्यून की 50 महानतम नेताओं की सूची में (लीड-1)

नई दिल्ली, 25 मार्च (आईएएनएस)। फॉर्च्यून पत्रिका ने दुनिया के 50 महानतम नेताओं की सूची में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को शामिल किया है। प्रदूषण से निपटने के लिए दिल्ली में सम-विषम यातायात योजना लागू करने को लेकर उन्हें पत्रिका की इस सूची में जगह मिली है।

आम आदमी पार्टी (आप) के नेता को सूची में 42वें पायदान पर रखा गया है।

एक बधाई संदेश पर प्रतिक्रिया जताते हुए केजरीवाल ने कहा, “उन्होंने सूची में मेरा नाम सम-विषम यातायात योजना के लिए दिया है, जिसका श्रेय दिल्ली के लोगों को जाता है, जिन्होंने इसे सफल बनाया।”

फॉर्च्यून पत्रिका के मुताबिक, “विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा दुनिया का सर्वाधिक प्रदूषित शहर करार दी गई दिल्ली के प्रदूषण से निपटने के लिए जब केजरीवाल ने अनोखी योजना का खाका सामने रखा, तो लोग संशय में थे। पायलट तौर पर जनवरी में इस योजना के लागू होने के बाद इसके प्रेरक परिणाम सामने आए, जिसमें न सिर्फ सड़कों पर वाहनों की तादाद कम रही, बल्कि प्रदूषण का स्तर भी 13 फीसदी कम हो गया और लोगों ने राहत की सांस ली।”

आप के मीडिया समन्वयक दीपक बाजपेयी ने आईएएनएस से कहा, “वह (केजरीवाल) एक अनुकरणीय नेता हैं। उनके कुछ ठोस कार्यो के आधार पर ही उन्हें सूची में स्थान दिया गया है। वे काम करने वाले व्यक्ति हैं।”

आप नेता आशुतोष ने कहा, “नेतृत्व का मतलब बात करना नहीं, बल्कि काम करना होता है। इसमें कोई आश्चर्य नहीं है कि अरविंद शीर्ष वैश्विक नेताओं की फेहरिस्त में हैं, जबकि मोदी (प्रधानमंत्रीनरेंद्र मोदी) नहीं हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493