केजरीवाल, सिसोदिया योग दिवस समारोह में शामिल होंगे

नई दिल्ली, 20 जून (आईएएनएस)। योग के प्रबल समर्थक माने जाने वाले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया रविवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर यहां होने वाले एक समारोह में शामिल होंगे। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहेंगे।

दिल्ली सरकार के एक अधिकारी ने कहा कि मनीष सिसोदिया के साथ अरविंद केजरीवाल सुबह छह बजे राजपथ पहुंचेंगे।

मोदी की तरह केजरीवाल भी काफी लंबे समय से योग कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री केजरीवाल योग को तनाव दूर करने का सबसे अच्छा साधन मानते हैं और वह योग करते रहते हैं।

फरवरी में दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान के बाद वह विपश्यना साधना करने गए थे। दिल्ली में सरकार बनने के बाद केजरीवाल ने बेंगलुरू में प्राकृतिक चिकित्सा उपचार कराया था। इस उपचार विधि में योग भी शामिल था।

सिसोदिया भी योग और विपश्यना साधना करते रहते हैं।

योग के प्रबल समर्थक प्रधानमंत्री मोदी भी राजपथ पर सुबह के समय आयोजित होने वाले योग समारोह में मौजूद रहेंगे।

योग दिवस के अवसर पर मुख्य कार्यक्रम का आयोजन राजपथ पर हो रहा है। इस कार्यक्रम का आयोजन कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच हो रहा है। इस आयोजन में कई राजनयिक भी भाग लेंगे।

राजपथ के अतिरिक्त राजधानी में कई जगहों पर योग दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही देश के सभी जिलों और कस्बों में योग दिवस के आयोजन किए जाएंगे।

अरब राष्ट्र समेत दुनिया के 192 देश रविवार को योग दिवस मना रहे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493