नई दिल्ली, 11 दिसम्बर (आईएएनएस)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केरल के मुख्यमंत्री पिनारई विजयन को मध्य प्रदेश सरकार द्वारा सुरक्षा प्रदान करने में विफल रहने को स्तब्ध करने वाला बताया है।
आप नेता ने ट्वीट कर कहा, “यह स्तब्ध करने वाला है। संविधान का पूर्ण उल्लंघन।”
केजरीवाल का ट्वीट मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नेता सीताराम येचुरी के ट्वीट के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि ‘मध्यप्रदेश सरकार ने शनिवार को विजयन को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के गुंडों से सुरक्षा प्रदान करने से इनकार कर दिया।’
येचुरी ने पूछा, “यानी, अब भाजपा के तहत शासन का दिखावा तक नहीं बचा?”
विजयन शनिवार को केरल के कुछ संगठनों द्वारा भोपाल में आयोजित एक समारोह में शरीक होने जा रहे थे, जब आरएसएस के कुछ कार्यकर्ताओं ने उनका रास्ता रोक दिया। घटना के बाद पुलिस ने उन्हें केरल लौट जाने को कहा।
बाद में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पुलिस प्रमुख दोनों ने विजयन से माफी मांगी।
dharmpath.com dharmpath