कोट्टायम (केरल), 10 नवंबर (आईएएनएस)। केरल के सत्तारूढ़ दल के बागी विधायक पी.सी.जॉर्ज ने मंगलवार को सदन से इस्तीफे की घोषणा की, जिसे वह विधानसभा अध्यक्ष एन.सकथन को गुरुवार को सौंप देंगे।
छह बार से विधायक केरल के राजनीतिज्ञ जॉर्ज (65) पार्टी के सुप्रीमो व प्रदेश के वित्तमंत्री के.एम.मणि के खिलाफ लगातार टिप्पणियों के कारण वर्तमान में केरल कांग्रेस (मणि) से निलंबित हैं।
जॉर्ज ने यहां संवाददाताओं से कहा, “मैंने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है और गुरुवार को उसे विधानसभा अध्यक्ष को सौंप दूंगा। इस मौके पर मैं उम्मीद करता हूं कि केरल उच्च न्यायालय द्वारा गंभीर रूप से अभ्यारोपित किए गए मणि भी अपना इस्तीफा सौंप देंगे।”
केरल कांग्रेस (मणि), कांग्रेस नेतृत्व वाली ओमन चांडी सरकार की तीसरी सबसे बड़ी सहयोगी पार्टी है, जिसके पास नौ विधायक हैं।
जॉर्ज का इस्तीफा ऐसे वक्त में सामने आया है, जब उन्हें बतौर विधायक अयोग्य घोषित करने के लिए विधानसभा अध्यक्ष को अर्जी दी गई है, जिसपर अध्यक्ष को शुक्रवार को फैसला करना है।
dharmpath.com dharmpath