तिरुवनंतपुरम/कुवैत सिटी, 22 फरवरी (आईएएनएस)। केरल के कोट्टायम निवासी एक नर्स को कुवैत सिटी में चाकू मारकर घायल कर दिया गया। नर्स का फरवानिया अस्पताल में इलाज चल रहा है।
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने घटना के बारे में ट्वीट कर कहा कि भारत ने कुवैत में भारतीयों की सुरक्षा का मुद्दा उच्चस्तर पर उठाया है।
उन्होंने कहा, “हमारे दूतावास ने मुद्दे को कुवैत में उच्च स्तर पर उठाया है, ताकि वहां रह रहे भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।”
सुषमा ने ट्वीट किया, “मुझे कोट्टायम निवासी गोपिका साजीकुमार को चाकू मारने की घटना से अवगत कराया गया। मैंने तत्काल रिपोर्ट मांगी। हमारे पास इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना का विस्तृत विवरण है।”
गोपिका वहां अल-जाहरा अस्पताल में काम करती हैं।
पिछले सप्ताह, ओमान में एक भारतीय नर्स की हत्या कर दी गई थी।
इदुक्की जिले की शेबिन जीवा (31) को सलाहा के दोहार क्लब के निकट उनके फ्लैट में मृत पाया गया था। वह वहां एक डेंटल क्लीनिक में काम करती थीं।
dharmpath.com dharmpath