तिरुवनंतपुरम, 22 जून (आईएएनएस)। केरल में स्थानीय निकाय के चुनाव अक्टूबर में कराए जाएंगे।
राज्य के निर्वाचन आयुक्त के. शशिधरण नायर ने संवाददाताओं को यहां बताया कि इस वक्त चुनाव की तारीख नहीं बताई जा सकती, लेकिन चुनाव अक्टूबर में कराए जाएंगे।
नायर ने कहा, “चुनाव की तय तारीख अक्टूबर है, क्योंकि नवनिर्वाचित स्थानीय निकाय के प्रतिनिधि एक नवंबर, 2015 को पदभार ग्रहण करेंगे। इसलिए चुनाव अक्टूबर में कराया जाना है।”
तीन-स्तरीय स्थानीय निकाय की 21,682 सीटों के लिए चुनाव कराए जाएंगे और इसमें से 50 फीसदी सीट महिलाओं के लिए आरक्षित हैं।
चुनाव से पूर्व वार्डो का परिसीमन कराया जाएगा और नए वार्ड बनाए जाएंगे। इस साल एक जनवरी को 18 वर्ष पूरा कर लेने वाले मतादाता वोट दे सकेंगे। उनके नाम मतदाता सूची में होंगे।
वर्ष 2010 के स्थानीय निकाय चुनाव में कांग्रेस नीत युनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) ने 50 फीसदी से अधिक सीटें जीती थीं और हर किसी की निगाहें अब इस पर हैं कि क्या वे इन सीटों पर अपना कब्जा बरकरार रखने में सक्षम होंगे?
dharmpath.com dharmpath