केरल में अपहरण का शिकार अभिनेत्री व परिवार दबाव में : भाजपा

तिरुवनंतपुरम, 26 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरल इकाई के एक वरिष्ठ नेता ने रविवार को कहा कि अपहरण का शिकार हो चुकी मलयालम अभिनेत्री के परिजन कुछ लोगों के जबर्दस्त दबाव में हैं।

केरल भाजपा इकाई के पूर्व अध्यक्ष वी. मुरलीधरन ने संवाददाताओं से कहा कि मुख्यमंत्री पिनरई विजयन अच्छी तरह से जानते हैं कि घटना के पीछे किसका हाथ है।

मुरलीधरन ने कहा उन्होंने अभिनेत्री व उनके परिवार से मुलाकात की है।

उन्होंने कहा कि यदि कोई विजयन के बयानों को जोड़े तो इसके पीछे कुछ रहस्य पता चलता है। विजयन ने अपने बयान में कहा कि यह मुख्य आरोपी पल्सर सुनील और पांच अन्य का काम है।

मुरलीधरन ने कहा, “विजयन जल्दबाजी में घोषणा कर रहे हैं कि यह सिर्फ मुख्य आरोपी का काम है। माकपा समर्थित कैराली टीवी चैनल ने पीड़ित को गलत तरीके से पेश किया और आप को याद रखना चाहिए कि चैनल के प्रमुख जॉन ब्रिटस, विजयन के मीडिया सलाहकार हैं।”

भाजपा नेता ने कहा, “मलयालम मूवी आर्टिस्ट एसोसिएशन अब मामले को दबाने की कोशिश कर रहा है।”

मुरलीधरन ने कहा, “एक प्रमुख फिल्म शख्सियत (भाग्यलक्ष्मी) ने शनिवार को कहा कि अभिनेत्री की मां मामले में जांच की प्रगति से खुश नहीं हैं, लेकिन इसके तुरंत बाद उनके भाई ने इससे इनकार किया।”

उन्होंने कहा, “कल (शनिवार को) माना जा रहा था कि अभिनेत्री मीडिया से बात करेंगी, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। हमारी मांग है कि इस मामले की जांच या तो कोई केंद्रीय एजेंसी करे या फिर यह अदालत की निगरानी में हो।”

उन्होंने कहा कि विजयन ने कहा कि पल्सर सुनील अभिनेत्री के अपहरण के पीछे था। मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद पुलिस मामले में आगे बढ़ने में सक्षम नहीं हो पा रही है।

भाजपा और कांग्रेस ने शनिवार को विजयन के विवादित बयान की कड़ी निंदा की। इसके बाद विजयन को इसे वापस लेने को बाध्य होना पड़ा।

विजयन ने रविवार को संवाददाताओं से कहा, “मैंने बैठक में एक अखबार की रिपोर्ट के आधार पर बयान दिया। मामले को लेकर रिपोर्ट में प्रमुख आरोपी के हाथ की बात थी और किसी साजिश की बात नहीं थी। मैंने कहा कि मीडिया को साजिश का पता लगाना चाहिए और पुलिस भी अपना कार्य कर रही है।”

कांग्रेस की केरल इकाई के अध्यक्ष वी. एम. सुधीरन ने कहा कि विजयन लुका-छिपी खेल रहे हैं। यह उनके कमजोर बचाव की निशानी है जो उनके द्वारा शनिवार को दिए गए विवादास्पद बयान के बाद नजर आ रही है।

विपक्ष के नेता कांग्रेस के रमेश चेन्निथला ने कहा कि विजयन कहते हैं कि कोई साजिश नहीं है जबकि पुलिस का कहना है कि ऐसा है। उन्होंने कहा कि जरूरत इस बात की है कि अदालत की निगरानी में मामले की जांच हो।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493