केरल में डेंगू के प्रकोप के लिए स्वास्थ्य विभाग जिम्मेदार : कांग्रेस

तिरुवनंतपुरम, 18 जून (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला ने रविवार को केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन से मुलाकात कर उन्हें राज्य में डेंगू के प्रकोप को रोकने में ‘स्वास्थ्य विभाग की नाकामी’ के बारे में अवगत कराया।

शनिवार को 19,000 रोगी बुखार के साथ अस्पताल पहुंचे। डेंगू के संदिग्ध 680 मामलों में से 138 में रोग की पुष्टि हुई है। साथ ही शनिवार को 11 लोगों की मौत हो गई, जिसके बाद राज्य में इस साल डेंगू से मरने वालों का आंकड़ा 115 हो गया है।

रपटों के अनुसार, तिरुवनंतपुरम, कोझिकोड और पलक्कड जिले सर्वाधिक प्रभावित हुए हैं।

चेन्निथला ने विजयन से उनके आधिकारिक आवास पर मुलाकात के बाद कहा, “स्थित बेहद गंभीर है।”

चेन्निथला ने कहा, “राज्य में बारिश से पहले पर्याप्त इंतजाम करने में स्वास्थ्य विभाग की नाकामी के कारण यह गंभीर स्थिति पैदा हुई है। सफाई के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया, जो आमतौर पर मानसून शुरू होने से पूर्व किया जाता है।”

कांग्रेस नेता ने कहा, “अस्थायी सफाई कर्मियों की सेवा समाप्त कर दी गई, इसलिए समुचित सफाई कार्यक्रम का संचालन नहीं हो पाया।”

चेन्निथला ने कहा, “मुझे बताया गया है कि इस बुखार से निपटने के लिए जरूरी दवाओं और स्वास्थ्य कर्मियों की भी कमी है।”

उन्होंने कहा, “हम कोई आंदोलन शुरू नहीं करने जा रहे, बल्कि हमने अपने सभी विधायकों को निर्देश दिया है कि वे आगे आकर 20 जून से अपने निर्वाचन क्षेत्रों में व्यापक सफाई अभियान शुरू करें।”

चेन्निथला ने कहा, “स्वास्थ्य मंत्री समेत पूरा स्वास्थ्य विभाग नाकाम रहा है और मैंने विजयन से सुधारात्मक कदम उठाने को कहा है। उन्होंने शीर्ष स्वास्थ्य अधिकारियों की बैठक बुलाकर इस मामले में हस्तक्षेप का आश्वासन दिया है।”

हालांकि स्वास्थ्य मंत्री के.के. शैलजा ने कहा, “बारिश से पहले विभाग ने अभूतपूर्व काम किया है, लेकिन उसके परिणाम सही नजर नहीं आ रहे।”

उन्होंने कहा, “वक्त की मांग है कि हम इसे कोई राजनीतिक मुद्दा न बनाकर अपने आसपास के इलाकों को साफ रखने के लिए मिलजुल कर काम करें।”

तिरवनंतपुरम के एक प्रमुख निजी अस्पताल के एक स्वास्थ्यकर्मी ने कहा, “रोगियों का बरामदों में इलाज चल रहा है। स्थिति काफी बुरी है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493