तिरुवनंतपुरम, 17 जुलाई (आईएएनएस)। देश के 14वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए सोमवार को केरल में मतदान हो रहे हैं।
केरल में पांरपरिक प्रतिद्वंदी माकपा नेतृत्व वाले वाम लोकतांत्रिक मोर्चा और कांग्रेस नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा ने पहले ही संप्रग उम्मीदवार मीरा कुमार के समर्थन की घोषणा कर दी है।
इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के पी.के. कुन्हालिकुट्टी के केरल विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने और मल्लापुरम लोकसभा सीट जीतने के बाद 140 सदस्यीय केरल विधानसभा की एक सीट रिक्त हो गई थी।
आईयूएमएल के पाराकल अब्द़ुल्ला ने चेन्नई में मतदान करने की इजाजत मांगी, क्योंकि वह वहीं हैं।
छह सदस्यीय केरल कांग्रेस (मणि) पार्टी की इस घोषणा के बाद कि वे मीरा कुमार के लिए मतदान करेंगे सत्तारूढ़ राजग के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद को केरल से केवल एक ही वोट मिलने की संभावना है, जब एकमात्र भाजपा विधायक ओ. राजागोपाल उनके पक्ष में वोट करेंगे।
निर्दलीय विधायक पी.सी. जॉर्ज ने भी मीरा कुमार के पक्ष में मतदान की घोषणा की है।
केरल के एक वोट का मूल्य 152 है।
केरल के सभी सांसद दिल्ली में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। केरल से 20 लोकसभा सांसद और नौ राज्यसभा सांसद हैं।
मतदान शाम पांच बजे समाप्त होगा। इसके तुरंत बाद विधानसभा सचिव वी.के. बाबू प्रकाश और अन्य लोग मतपेटियां दिल्ली लेकर जाएंगे।
dharmpath.com dharmpath