तिरुवनंतपुरम, 19 मई (आईएएनएस)। केरल विधानसभा चुनाव की गुरुवार को जारी मतगणना में वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) ने महत्वपूर्ण बढ़त बना ली है।
निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि एलडीएफ के उम्मीदवार 83 सीटों पर आगे हैं, जबकि सत्तारूढ़ काग्रेस की अगुवाई वाला संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) 50 सीटों पर आगे है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दो सीटों पर बढ़त बनाई है।
राज्य के पांच मंत्री पिछड़ गए हैं, जबकि मुख्यमंत्री ओमन चांडी, मार्क्सवादी नेता वी.एस.अच्युतानंदन और पिनारई विजयन आगे चल रहे हैं।
भाजपा के उम्मीदवार ओ.राजगोपाल और शोभा सुरेंद्रण अपने प्रतिद्वंद्वियों के मुकाबले मामूली अंतर से आगे हैं। निर्दलीय उम्मीदवार पी.सी.जॉर्ज भी बढ़त बनाए हुए हैं।
चुनावी मैदान में कुल 1,203 उम्मीदवार आमने-सामने हैं। अधिकांश एग्जिट पोल में वाम मोर्चे की जीत का अनुमान लगाया गया था। भाजपा को राज्य में पहली बार अपना खाता खोलने की उम्मीद है।
केरल विधानसभा के लिए 16 मई को मतदान हुए थे।
dharmpath.com dharmpath