केरल : विजयन सरकार में होंगे 19 मंत्री

तिरुवनंतपुरम, 22 मई (आईएएनएस)। पिनरई विजयन के नेतृत्व में केरल की नई सरकार में मुख्यमंत्री सहित 19 मंत्री शामिल होंगे। शपथ ग्रहण समारोह केंद्रीय स्टेडियम में बुधवार अपराह्न चार बजे होगा। विजयन केरल के 22वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।

वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के संयोजक वैकोम विस्वन ने यहां संवाददाताओं से रविवार को कहा कि निर्णय लिया गया है कि मंत्रिमंडल को 19 तक सीमित रखा जाए।

विस्वन ने कहा, “निवर्तमान ओमन चांडी सरकार में 21 मंत्री थे। राज्य मंत्रिमंडल में अधिकतम 21 मंत्री हो सकते हैं। हालांकि तय किया गया है कि विजयन सरकार में 19 मंत्री होंगे।”

उन्होंने कहा कि मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के 12 मंत्री और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के चार और मोर्चा के अन्य घटक जनता दल(एस), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी एवं कांग्रेस-एस के एक-एक सदस्य मंत्रिमंडल में शामिल किए जाएंगे।

मोर्चा में शामिल तीन अन्य पार्टियां, आरएसपी-एल, केरल कांग्रेस-पिल्लै और सीएमपी को मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व नहीं मिला है।

उल्लेखनीय है कि माकपा के नेतृत्व में एलडीएफ ने राज्य विधानसभा चुनाव में 140 में से 91 सीटों पर जीत हासिल की है।

शुक्रवार को हुई पार्टी की बैठक में मुख्यमंत्री पद के लिए विजयन के नाम पर मुहर लगाई गई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493