तिरुवनंतपुरम, 7 मई (आईएएनएस)। केरल और श्रीलंका के बीच जल्द ही जहाज सेवा शुरू हो सकती है। यह जानकारी श्रीलंका के एक मंत्री ने दी।
श्रीलंका के मंत्री जेमिनी जे. परेरा ने यहां गुरुवार को संवाददाताओं को बताया कि इस परियोजना के लिए पहले चरण की वार्ता बीते महीने संपन्न हुई, जब केरल से प्रतिनिधिमंडल श्रीलंका आया था।
परेरा ने कहा, “हमें उम्मीद है कि एक महीने के अंदर केरल और श्रीलंका के बीच जहाजों के परिचालन से संबंधित विवरणों को अंतिम रूप दे दिया जाएगा।”
केरल से श्रीलंका की दूरी तय करने में 16 घंटे लग सकते हैं।
परेरा ने केरल के मुख्यमंत्री ओमन चांडी को श्रीलंका आने का न्योता दिया।
बाद में उन्होंने खाद्य एवं लोक आपूत्र्ति मंत्री अनूप जैकब से भी मुलाकात की और उनके विभागों के बीच सहयोग के बारे में चर्चा की।
परेरा ने कहा, “केरल ने प्रभावी सार्वजनिक वितरण प्रणाली को बेहतरीन रूप से बरकरार रखा है और खाद्य प्रसंस्करण एवं खाद्य सुरक्षा की ओर भी बेहतरीन काम किया है। हम अपने देश से लोगों को इसका प्रशिक्षण लेने के लिए केरल भेजना चाहते हैं।”
जैकब ने कहा कि केरल के लिए यह खुशी की बात होगी, यदि श्रीलंका के विद्यार्थियों और शिक्षकों को खाद्य प्रसंस्करण और खाद्य सुरक्षा का प्रशिक्षण देने का अवसर मिलेगा।
dharmpath.com dharmpath