तिरुवनंतपुरम , 29 सितम्बर (आईएएनएस)। केरल की वामपंथी सरकार पिछली ओमान चांडी सरकार की बहुचर्चित शराब नीति में सुधार करने जा रही है।
आबकारी मंत्री टी.पी. रामकृष्णन ने गुरुवार को कहा, “हमें पता है कि क्या नीति होनी चाहिए। यह अगले वित्तीय साल में प्रभावी होगी। “
रामकृष्णन माकपा के वरिष्ठ नेता हैं और मुख्यमंत्री पिनयारी विजयन के करीबी सहयोगी हैं।
उन्होंने कहा, “आम तौर पर शराब नीति एक वार्षिक मामला है और यह वित्तीय साल के पहले दिन से प्रभावी हो जाती है। “
शराब नीति में संभावित सुधार के बारे में बात करते उन्होंने कहा, “जब भी हमारी नीति घोषित की जाएगी, यह ऐसी नीति होगी जिसमें संयम पर जोर होगा न कि पूर्ण निषेध पर, जिस पर पिछली सरकार ने जोर दिया था। “
चांडी सरकार ने राज्य को साल 2023 तक शराब पर पूर्ण प्रतिबंध की दिशा में ले जाने का खाका तैयार किया था।
इसके पहले चरण में पूरे राज्य के सिर्फ पांच सितारा होटलों के करीब दो दर्जन बार को शराब परोसने की अनुमति देने का फैसला लिया गया था। इसकी वजह से दूसरे सितारा होटलों और रेस्तरां में चल रहे करीब 700 बार बंद हो गए थे। चांडी सरकार ने यह भी तय किया था कि हर साल गांधी जयंती पर शराब की 10 फीसदी खुदरा दुकानें बंद रखी जाएंगी।
रामकृष्णन ने कहा, “अब हमने फैसला किया कि इस 2 अक्टूबर को एक भी खुदरा शराब की दुकान बंद नहीं की जाएगी। ”
dharmpath.com dharmpath