तिरुवनंतपुरम, 19 अगस्त (आईएएनएस)। केरल के एक अस्पताल में कथित तौर पर शल्य चिकित्सकों ने एक महिला की आंत में एक सर्जिकल उपकरण छोड़ दिया और चीरे को सिल दिया।
यह गलती तब पता चली, जब ऑपरेशन थियेटर के कर्मचारियों ने 45 साल की महिला के गर्भाशय निकाले जाने बाद अपने उपकरणों की गिनती शुरू की। उन्होंने पाया कि एक सर्जिकल क्लिप गायब है।
मरीज को गर्भाशय निकलवाने की प्रक्रिया के लिए नेदुमांगद तालुक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यह ऑपरेशन गुरुवार सुबह किया गया।
ऑपरेशन थियेटर में तकनीशियनों को इस मुश्किल का अंदाजा तब हुआ, जब उन्होंने पाया कि उपकरण ट्रे से एक क्लिप गायब है। वे महिला को एक्सरे प्रयोगशाला में ले गए और पाया कि गायब टुकड़ा उसके पेट में पड़ा हुआ है।
महिला के रिश्तेदारों के अनुसार, सर्जरी खत्म होने के बाद लंबे समय तक महिला को ऑपरेशन थियेटर में बिना किसी स्पष्टीकरण के रखे जाने के कारण उनकी बेचैनी बढ़ गई और उन्होंने पूछताछ शुरू की। उसे बाहर लाने में देरी की वजह से उन्हें चिंता होने लगी।
इसके बाद महिला को राजधानी के मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय ले जाया, जहां क्लिप उसके पेट के अंदर से निकाली गई।
अस्पताल ने अपने बयान में कहा, “बाहरी वस्तु को हटा दिया गया और सर्जरी ठीक तरह से हो गई। रोगी की हालत में सुधार हो रहा है।”
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के.के.शैलजा ने कहा कि महिला को मामले में जांच के बाद कार्रवाई का वायदा किया गया है।
dharmpath.com dharmpath