त्रिसूर (केरल), 3 जून (आईएएनएस)। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के विधायक व पेशे से शिक्षक के.यू.अरुनन को पिछले महीने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने को लेकर पार्टी की तरफ से अनुशासनिक कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने यह जानकारी दी।
त्रिसूर जिले के ईरिनजलकुडा विधानसभा क्षेत्र से विधायक अरूनन पर पार्टी की भौहें तन गई हैं और उसने पार्टी की जिला समिति को उनके खिलाफ कार्रवाई करने की सिफारिश की है।
यहां शनिवार को संवाददाताओं से बातचीत में पार्टी के जिला सचिव के.राधाकृष्णन ने कहा कि हर सदस्य के लिए पार्टी के नियम समान हैं, चाहे वह विधायक हो या सांसद या कोई सामान्य कार्यकर्ता।
केरल विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष राधाकृष्णन ने कहा, “अरुनन के खिलाफ कार्रवाई करने का फैसला किया गया है और इसकी सार्वजनिक निंदा होगी। उन्होंने पार्टी के नियमों का उल्लंघन किया है और इसलिए अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी।”
उल्लेखनीय है कि अरुनन ने अपने गृहनगर त्रिसूर में आरएसएस की स्थानीय इकाई द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया था।
कुछ समय तक तो इस ओर किसी का ध्यान नहीं गया, लेकिन जब यह खबर टेलीविजन चैनलों पर चलने लगी, तो उनपर पार्टी की भौहें तन गई।
विधायक ने कहा कि पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ताओं ने उन्हें भ्रमित किया और उस जगह पर ले गए जहां कार्यक्रम आयोजित किया गया था, लेकिन उनकी दलीलों को स्वीकार नहीं किया गया।
माकपा में चार तरह की अनुशासनिक कार्रवाई होती है, जिनमें निंदा, सार्वजनिक निंदा, निलंबन तथा बर्खास्तगी शामिल हैं।
dharmpath.com dharmpath