केरल सरकार ने आतिशबाजी प्रतिबंध पर सर्वदलीय बैठक बुलाई

अलपुझा (केरल), 12 अप्रैल (आईएएनएस)। केरल सरकार ने पुत्तिंगल मंदिर में हुए हादसे के मद़्देनजर गुरुवार को एक सर्वदलीय बैठक बुलाई है। बैठक में आतिशबाजी पर पूर्ण या आंशिक प्रतिबंध लगाने के मुद्दे पर विचार किया जाएगा।

केरल के गृहमंत्री रमेश चेन्नीथला ने यहां मंगलवार को संवाददाताओं से कहा, “बैठक में अन्य बातों के साथ पूर्ण प्रतिबंध की संभावना पर भी चर्चा की जाएगी।”

सर्वदलीय बैठक 14 अप्रैल को तिरुवनंतपुरम में होगी।

राज्य के कोल्लम जिले में स्थित पुत्तिंगल मंदिर में रविवार को अवैध रूप से की गई आतिशबाजी के कारण भीषण आग लगने से 109 लोगों की मौत हो गई थी और 350 से भी अधिक लोग घायल हो गए थे।

चेन्नीथला ने कहा, “ऐसे विचार प्रकट किए जाते रहे हैं कि आंखों को भाने वाला आतिशबाजी प्रदर्शन किया जाना चाहिए और आतिशबाजी की आवाज को न्यूनतम स्तर पर लाया जाना चाहिए, जैसा कि संयुक्त अरब अमीरात और सिंगापुर में होता है।”

चेन्नीथला ने कहा कि अवैध रूप से रखी गई या स्वीकृत मात्रा से अधिक विस्फोटक सामग्री को जब्त करने के लिए पुलिस को राज्यभर में छापा मारने का निर्देश दिया गया है।

उन्होंने कहा, “विशु उत्सव नजदीक है। इसे देखते हुए पुलिस को कहा गया है कि विस्फोटक रखने के लाइसेंस के अनुसार सभी नियमों का पालन किया जाए।”

उन्होंने कहा कि मंदिर हादसे की न्यायिक और अपराध शाखा की जांच जल्द से जल्द पूरी की जाएगी और इसके बाद उपयुक्त कार्रवाई की जाएगी।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष कुम्मनेम राजशेखरन ने कहा है कि पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध संभव नहीं है।

राजशेखरन ने संवादादाताओं से कहा, “उचित तंत्र की जरूरत है। इस मामले में उचित सुरक्षा तंत्र पर काम किया जा सकता है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493