तिरुवनंतपुरम, 19 मई (आईएएनएस)। केरल के कन्नूर और कासरगोड संसदीय क्षेत्रों में मिली फर्जी मतदान की शिकायतें सही पाने पर मुख्य चुनाव अधिकारी द्वारा पुनर्मतदान करने का आदेश दिए जाने के बाद रविवार को यहां पुनर्मतदान जारी है।
कासरगोड में चार मतदान केंद्रों और कन्नूर में तीन मतदान केंद्रों पर मतदान सुबह सात बजे शुरू हो गया था और शाम छह बजे तक चलेगा।
यहां सुबह नौ बजे तक 20 प्रतिशत मतदान हो चुका है।
कुल 20 लोकसभा सीटों वाले केरल में 23 अप्रैल को चुनाव हो चुके हैं। कुछ दिनों बाद कुछ लोगों के एक बार से ज्यादा बार मतदान करने के वीडियो आने और उनमें एक की पहचान होने के बाद मुख्य चुनाव अधिकारी टीका राम मीना ने पुनर्मतदान का आदेश दे दिया।
राज्य में पहली बार पुनर्मतदान का आदेश दिया गया है।
एक से ज्यादा बार मतदान करने वाले मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और भारतीय मुस्लिम लीग संघ (आईयूएमएल) के कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
dharmpath.com dharmpath