रियाद, 15 मई (आईएएनएस)। मध्य पूर्व में हो रहे संघर्षो पर अमेरिकी विदेशमंत्री जॉन केरी ने सऊदी अरब के सुल्तान सलमान बिन अब्दुलअजीज अल-सऊद के साथ रविवार को बातचीत की।
सऊदी प्रेस एजेंसी के अनुसार, केरी और सलमान जेद्दा में मिले। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न पहलुओं और क्षेत्र में ताजा घटनाक्रमों पर चर्चा की।
समाचार एजेंसी एफे के अनुसार, केरी सऊदी अरब के शहजादे, उपप्रधानमंत्री और गृहमंत्री मोहम्मद बिन नाइफ बिन अब्दुलअजीज से भी मुलाकात की और खास तौर से आतंकवाद से लड़ने के लिए दोनों देशों के बीच सहयोग मजबूत करने के तरीकों पर बातचीत की।
रियाद स्थित अमेरिकी दूतावास के अनुसार, अमेरिकी राजनयिक उप शहजादे, द्वितीय उप प्रधानमंत्री और रक्षामंत्री मोहम्मद बिन सलमान बिन अब्दुलअजीज से भी मुलाकात करेंगे।
सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय के अनुसार, जेद्दा पहुंचने पर केरी ने अपने सऊदी समकक्ष अदेल अल-जुबेर से मुलाकात की।
अमेरिका और सऊदी अरब सीरिया में राष्ट्रपति बशर अल-असद के खिलाफ विपक्ष का समर्थन करते हैं, जबकि यमन में विद्रोही शिया हौती आन्दोलन के खिलाफ सऊदी अरब अमेरिका समर्थित सैन्य गठबंधन का नेतृत्व कर रहा है।
dharmpath.com dharmpath