पणजी, 25 नवंबर (आईएएनएस)। फिल्मकार विकास बहल का कहना है कि उनके साथी फिल्मकार और दोस्त अनुराग कश्यप ही एकमात्र व्यक्ति हैं, जो लोकप्रिय विदेशी काल्पनिक टेलीविजन शो ‘गेम ऑफ थ्रोन्स’ का भारतीय संस्करण बना सकते हैं।
बहल ने यहां फिल्म बाजार के दौरान कहा, “मुझे लगता है कि अनुराग कश्यप एकमात्र व्यक्ति हैं, जो ‘गेम ऑफ थ्रोन्स’ का भारतीय संस्करण ला सकते हैं।”
समारोह में एक सत्र के दौरान बहल ने अपने विचार साझा किए।
साहित्यकार जॉर्ज आर.आर. मार्टिन के उपन्यास पर आधारित लोकप्रिय काल्पनिक टीवी श्रृंखला ‘गेम ऑफ थ्रोन्स’ को दुनिया भर में काफी पसंद किया जा रहा है।
इस श्रंखला में एक ‘आईरन थ्रोन’ को हासिल करने के लिए सात साम्राज्यों के संघर्ष को दर्शाया गया है। टेलीविजन चैनल एचबीओ पर प्रसारित होने वाले इस शो को इस साल मुख्य एमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
बहल ने सत्र के दौरान फिल्म ‘बॉम्बे वेलवेट’ में निर्माता के तौर पर असफल होने वाली बात भी स्वीकार की।
dharmpath.com dharmpath