मेड्रिड, 23 सितम्बर (आईएएनएस)। स्पेन का शीर्ष फुटबाल क्लब एफसी बार्सिलोना 27 सितंबर को होने वाले कैटालान रीजनल एसेंबली चुनाव में किसी का पक्ष नहीं लेगा।
यह चुनाव कैटालोनिया की आजादी की मांग पर जनमत संग्रह के तौर पर करवाया जा रहा है, जिसमें क्षेत्र के मतदाता फैसला करेंगे कि कैटालोनिया स्पेन में बना रहेगा या स्वतंत्र देश बनेगा।
135 सीटों वाली इस असेंबली के अध्यक्ष आर्टुर मास ने कहा है कि स्वतंत्रता के समर्थन वाले उनके गठबंधन दल ‘जुंट्स पेल सी’ (टुगेदर फॉर यस) की जीत होगी।
बार्सिलोना को निस्संदेह तौर पर कैटालोनिया ते सर्वश्रेष्ठ क्लब के रूप में देखा जाता रहा है और क्षेत्र के प्रतीक चिह्न से उसका करीबी नाता रहा है।
गौरतलब है कि पिछले सत्र में बर्लिन में हुए चैम्पियंस लीग के फाइनल मैच में प्रशंसकों द्वारा कैटालोनिया के समर्थन वाला झंडा लहराने पर यूईएफए ने क्लब पर 30,000 यूरो का जुर्माना लगा दिया था।
बार्सिलोना के घरेलू मैदान कैम्प नोऊ स्टेडियम में मई में हुए किंग्स कप के फाइनल मैच के दौरान बार्सिलोना और एथलेटिक क्लब बिलबाओ के प्रशंसकों ने स्पेन की राष्ट्रधुन का मजाक उड़ाया था।
हालांकि क्लब के पूरे स्पेन में ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में ढेर सारे समर्थक हैं।
क्लब के अध्यक्ष जोसेफ मारिया बाटरेमेयू ने रविवार की रात लेवांते के खिलाफ मैच में 4-1 से मिली जीत के बाद कहा, “बार्सिलोना पहले ही प्रदर्शित कर चुका है कि वह इस चुनाव अभियान से बिल्कुल दूरी बनाए हुए है। हम हमेशा खेल के बारे में बात करते हैं। हम चुनाव के लिए अभियान नहीं करेंगे।”
इस बीच सोमवार को जेवियर टेबास ने चेतावनी दी है कि अगर कैटालोनिया को आजादी मिल जाती है तो कैटालोनिया के क्लबों को स्पेन के बीबीवीए प्राइमेरा लीगा से हटना पड़ेगा।
टेबास ने सोशल नेटवर्किं ग साइट पर कहा, “यदि स्पेन विभाजित होता है, तो लीग भी विभाजित हो जाएगा, हालांकि मुझे उम्मीद है कि वह नौबत नहीं आएगी।”
dharmpath.com dharmpath