बिहार : मंत्री रामधनी सिंह ने ‘तीर’ छोड़ थामी सपा की ‘साइकिल’

पटना, 23 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के स्वास्थ्य मंत्री और करगहर के विधायक रामधनी सिंह ने बुधवार को जनता दल (युनाइटेड) से इस्तीफा देकर समाजवादी पार्टी (सपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली।

सपा के प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक समारोह में सिंह को सपा के प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र सिंह यादव और सपा के वरिष्ठ नेता रघुनाथ झा ने पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस समारोह में रून्नीसैदपुर से जद (यू) विधायक गुड्डी चौधरी, पूर्व मंत्री बसावन भगत सहित राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और जद (यू) के कई नेताओं ने सपा की सदस्यता ग्रहण की।

इस मौके पर मंत्री रामधनी सिंह ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए महागठबंधन पर पैसे लेकर टिकट देने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मात्र पैसों के लिए कर्मठ कार्यकतरओ की अवहेलना कर महागठबंधन के नेताओं ने धनपशुओं और बाहुबलियों के चरण में टिकट रख दिया है। उन्होंने कहा कि चुनाव में जनता महागठबंधन को धूल चटाएगी।

इधर, रून्नीसैदपुर की विधायक गुड्डी चौधरी ने कहा कि महागठबंधन के मुखिया अपने जनप्रतिनिधियों को अपमानित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि धोखे में रखकर उनका टिकट अंतिम समय में काट दिया गया।

सपा के प्रदेश अध्यक्ष यादव ने कहा कि इन नेताओं के सपा में आने से पार्टी और मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि हमारी लड़ाई सांप्रदायिक शक्तियों और जंगलराज के खिलाफ है और इस लड़ाई में हमारी जीत सुनिश्चित है।

उल्लेखनीय है कि सत्तरूढ़ महागठबंधन (राजद, जद (यू) व कांग्रेस) ने बुधवार को बिहार के 243 विधानसभा क्षेत्रों में से 242 उम्मीदवारों की सूची जारी की है, जिसमें रामधनी सिंह और गुड्डी चौधरी को टिकट नहीं दिया गया है।

सपा, जन अधिकार मोर्चा, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) सहित कई दलों के साथ गठबंधन के तहत चुनाव मैदान में उतरी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493