कैलाश विजयवर्गीय ने अपनी पुश्तैनी दुकान पर बेचा सामान

इंदौर, 6 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव और टिकट वितरण को लेकर जारी जोर आजमाइश के बीच मंगलवार को इंदौर में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय अपने अलग ही अंदाज में नजर आए। विजयवर्गीय ने अपनी पुश्तैनी दुकान पर पहुंचकर सामान बेचा। साथ ही मीडिया से चुनाव और टिकट को लेकर बात भी की।

विजयवर्गीय हर साल दीपावली के मौके पर अपनी नंदानगर स्थित पुश्तैनी दुकान पर पहुंचते हैं। इस बार भी ऐसा ही हुआ। विजयवर्गीय ने दुकान पर आए ग्राहकों को उनकी मांग के अनुसार सामान दिया और बिल के मुताबिक राशि ली। विजयवर्गीय ने बेचे गए एक-एक सामान का रेट भी देखा और आने वाले ग्राहकों से चर्चा भी की।

विजयवर्गीय आमतौर पर इसी दुकान पर अपनी मां के साथ बैठते थे। राजनीति में सक्रिय होने के बाद उनकी दुकान से दूरी बढ़ी लेकिन वह दीपावली के मौके पर एक दिन पारिवारिक दुकान पर बैठते हैं।

संवाददाताओं ने विजयवर्गीय से विधानसभा चुनाव में परिवारवाद को लेकर सवाल किया तो उन्होंने कहा कि ‘भाजपा में परिवारवाद नहीं है, योग्यता के अनुसार उम्मीदवार बनाए गए हैं। परिवारवाद तो वह होता है जहां किसी व्यक्ति में कोई योग्यता न हो और उसे किसी पद पर बैठा दिया जाए। इसका उदाहरण राहुल गांधी हैं।’

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493