कैशलेस लेनदेन को बढ़ावा न्यू इंडिया मिशन का हिस्सा : राधा मोहन

मोतिहारी, 27 मार्च (आईएएनएस)। केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने सोमवार को कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नए भारत यानी न्यू इंडिया का आह्वान किया है, जिसमें कालेधन और भ्रष्टाचार की कोई जगह नहीं है। देश में डिजिधन और कैशलेस लेनदेन को आगे ले जाना भी प्रधानमंत्री की इसी सोच का हिस्सा है।

सिंह ने यहां आयोजित डिजिधन मेले का उद्धघाटन करते हुए कहा, “कैशलेस लेने-देन को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने कई कदम उठाए हैं। देश में नकदीरहित लेन-देन के लिए शिक्षित युवाओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पहली बार सरकार ने एक सरल भीम एप लांच किया है। अब तक 1.25 करोड़ लोग इस एप से जुड़ चुके हैं और इसकी मदद से कुल 361 करोड़ रुपये का लेन-देन किया जा चुका है।”

मोतिहारी में आयोजित डिजिधन मेला पूरे दिन चला, जहां बैंक, सामान्य सेवा केन्द्र (सीएससी), निजी डिजिटल भुगतान सेवा प्रदाता आदि ने डिजिटल भुगतान अपनाने के लिए उपभोक्ताओं और व्यापारियों को सेवाएं दीं।

सिंह ने कहा, “देश में 100 करोड़ से ज्यादा फोन हैं, जिसमें से 30-40 करोड़ स्मार्ट फोन हैं एवं करीब 50 करोड़ इंटरनेट उपभोक्ता हैं। अगर इनका सही इस्तेमाल किया जाए तो क्रेडिट कार्ड की जरूरत नहीं पड़ेगी।”

सिंह ने कहा, “कुल बैंक खाते 144 करोड़ हैं, जिसमें से 117 करोड़ बचत खाते हैं। कुल जन-धन खाते 28.02 करोड़ हैं। 40 करोड़ बैंक खाते आधार कार्ड से जुड़े हैं। कुल आधार कार्ड की संख्या है 113 करोड़।”

केन्द्रीय कृषि मंत्री ने बताया कि कुल पीओएस मशीनों की संख्या 20.13 लाख है और मार्च, 2017 तक इसमें 10 लाख नई मशीनें जोड़ी जाएंगी। इसके अलावा देश में करीब 5.7 करोड़ ई-वालेट यूजर हैं। देशभर में कुल 110.6 करोड़ क्रेडिट/डेबिट कार्ड हैं। 21.9 करोड़ लोगों के पास रूपे कार्ड हैं, जिनका इस्तेमाल वर्तमान में 40 प्रतिशत बढ़ा है।

उन्होंने कहा कि कृषि मंत्रालय कृषि से जुड़े हर लेनदेन में कैशलेस व्यवस्था को बढ़ावा दे रहा है और इसके लिए हर सुविधा मुहैया करवा रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493