कोच्चि, 22 सितम्बर (आईएएनएस)। केरल के उद्योग, खेल एवं युवा मामलों के मंत्री ए.सी. मोइदेन ने शुक्रवार को यहां जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में फीफा अंडर-17 विश्व कप की ट्रॉफी का अनावरण किया।
इस मौके पर मोइदेन ने कहा, “फीफा अंडर-17 विश्व कप केरल में फुटबाल के विकास के लिए काफी अच्छा होगा। केरल विश्व कप की मेजबानी करने के लिए 100 प्रतिशत तैयार है। हम विश्वस्तरीय सुविधाओं के साथ तैयार हो रहे हैं।”
उन्होंने कहा, “इस टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले हम वन मिलियन गोल नामक सेलिब्रिटी फुटबाल मैच सहित प्रचार की अन्य कई गतिविधियों का आयोजन कर रहे हैं।”
इस समारोह में पी.टी. थॉमस (केरल विधान सभा के सदस्य), टी.जे. विनोद (उप महापालिका अध्यक्ष कोच्चि नगर निगम), के. एम. आई. माथर (केरल फुटबाल संघ के अध्यक्ष), सी एन मोहनन (जीसीडीए अध्यक्ष), जॉय भट्टाचार्य (एलओसी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर, फीफा अंडर -17 वल्र्ड कप इंडिया 2017) और पूर्व अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
शनिवार को इस ट्रॉफी को अम्बेडकर स्टेडियम में आयोजित मिशन इलेवन मिलियन समारोह में रखा जाएगा।
भारत में ट्रॉफी के सफर को समाप्त करते हुए, कोच्चि का किला रविवार को ट्रॉफी की मेजबानी करेगा।
कोच्चि में पहला मैच सात अक्टूबर को ब्राजील और स्पेन के बीच खेला जाएगा।
dharmpath.com dharmpath