नोएडा, 22 सितम्बर (आईएएनएस)। दिल्ली के हनी बसोया ने पीजीटीआई प्लेयर्स चैम्पियनशिप का खिताब अपने पास ही रखा है। उन्होंने शुक्रवार को नोएडा गोल्फ कोर्स पर खेले गए इस टूर्नामेंट में नौ शॉट की बढ़त के साथ जीत हासिल की।
बसोया ने अंतिम राउंड में चार अंडर 68 का स्कोर किया और 19 अंडर 269 के कुल स्कोर के साथ जीत हासिल की। 21 साल के बसोया की यह इस सत्र में दूसरी जीत है।
बेंगलुरू के सी.मुनियप्पा ने चौथे दिन 70 का स्कोर किया। वह 10 अंडर 278 के स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर रहे।
बसोया ने तीसरे दिन जिस तरह का खेल दिखाया था चौथे दिन भी उसी तरह के खेल का प्रदर्शन किया।
उन्होंने आते ही शुरुआत के तीन होल में बर्डी लगाई। उन्होंने इसके बाद तीन और बर्डी लगाईं। उन्होंने हालांकि आठवें और 18वें होल पर दो बोगी भी लगाईं।
बसोया ने कहा, “नोएडा गोल्फ कोर्स मेरा पसंदीदा गोल्फ कोर्स बनता जा रहा है। मैंने यहां अपना दूसरा खिताब जीता है। यह कोर्स मेरे खेल को काफी हद तक भाता है।”
उन्होंने कहा, “सत्र के दूसरे हाफ में अपनी निरंतरता से खुश हूं। मैंने पिछले चार टूर्नामेंट्स में शीर्ष-6 में जगह बनाई है। मेरिट में शीर्ष पर जाने पर मेरी निगाहें हैं।”
dharmpath.com dharmpath