कोच्चि, 10 मई (आईएएनएस)। कोच्चि मेट्रो सेवा का पहला परीक्षण यहां बुधवार से शुरू हो गया है, जिसके बाद इसके वाणिज्यिक परिचालन का रास्ता साफ हो गया है। एक अधिकारी ने कहा कि जून से मेट्रो का परिचालन शुरू कर दिया जाएगा।
मेट्रो का परीक्षण सुबह छह बजे शुरू हुआ, जो रात नौ बजे तक चलेगा। परीक्षण के दौरान चार डिब्बों की ट्रेन का इस्तेमाल किया जा रहा है।
अलवाये से पेट्टा तक की 25 किलोमीटर की इस परियोजना पर 5,180 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। लेकिन जून में मेट्रो के एक हिस्से का ही उद्घाटन किया जाएगा, जो अलवाये से पालारीवट्टम तक की 13 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।
मेट्रो के अधिकारियों को अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इस सेवा के आधिकारिक तौर पर उद्धाटन की तारीख का इंतजार है।
कोच्चि मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (केएमआरसी) के प्रमुख इलियास जॉर्ज को इस बात का गर्व है कि यह देश की सबसे तेजी से पूरा होनेवाली मेट्रो परियोजना बन गई है।
ओमन चांडी सरकार ने 2005 में इस परियोजना को मंजूरी दी थी। उसके बाद साल 2006 में अच्युतानंदन की सरकार आ गई और यह परियोजना ठंडे बस्ते में चली गई। लेकिन चांडी के दोबारा 2011 में सत्ता में आने के बाद इस परियोजना पर काम तेजी से शुरू हुआ।
dharmpath.com dharmpath