ओरलांडो (फ्लोरिडा), 7 जून (आईएएनएस)। पनामा ने टीम के स्ट्राइकर ब्लास पेरेज के दो गोल की बदौलत कोपा अमेरिका के 100वें संस्करण के ग्रुप डी के मैच में सोमवार को बोलीविया को 2-1 से हरा दिया।
यह पनामा का कोपा अमेरिका का अब तक का पहला मैच था।
1-0 से आगे चल रही पनामा की टीम तीन अंक हासिल करने की कोशिश में थी, लेकिन बोलीविया ने 54वें मिनट में गोल कर 1-1 से बराबरी कर ली। जुआन कार्लोस ने गोल कर मैच का स्कोर बराबरी पर ला दिया।
जब लग रहा था कि मैच ड्रॉ हो जाएगा, तभी पनामा के लिए 11वें मिनट में पहला गोल करने वाले पेरेज ने 87वें मिनट में अपना और टीम का दूसरा गोल कर टीम की जीत पक्की कर दी।
पूरे मैच में पनामा के पास गोल करने के मौके बोलीविया से ज्यादा आए। 85वें मिनट में लुइस तेजाडा ने गोल करने का मौका गंवाया।
इस जीत के साथ ही पनामा कोपा अमेरिका के इतिहास में अपने पदार्पण मैच में जीत हासिल करने वाली चौथी टीम बन गई है।
ग्रुप डी में शुक्रवार को पनामा का मुकाबला अर्जेटीना से शिकागो में होगा और बोलीविया का मुकाबला चिली से होगा।
dharmpath.com dharmpath